Skip to main content

कविता / 27/ अब नहीं सुनी जाएगी


अब नहीं सुनी जाएगी कोई प्रार्थना
कल ही हुई है घोषणा
आकाश में
कुपित सूरज लाल दिन भर कहता रहा
जागकर तारे भी
भाग - भागकर चांद सारी रात ...
अब नहीं सुनी जाएगी प्रार्थना
क्यों न हो गीली कितनी भी
शब्द भी हों  मुखर कितने ही या
लिए हों  बूंद - बूंद भाव
करुण - आर्द्र प्रवाह
कितना भी
हो उसमें हाहाकार अंतस का
या सांस को बिंधती कोई लंबी कराह
क्यों न हो
बड़ा सा दैन्य या शून्य आँखों में
मौन भी हो क्यों न गहरा या प्रगाढ़
प्रार्थनाओं में या हो आँसुओं की बाढ़
कोई फर्क नहीं
अब रहेगा नीला आकाश सूखा ही सदा
क्योंकि सुनी नहीं जाएगी प्रार्थना
कल यही घोषणा हुई है।

इसलिए अब आज से होगी
इसी पृथ्वी को संबोधित प्रार्थना हर एक
होकर नतमस्तक  या दंडवत...
रहेंगे सब मौन या चुपचाप
और स्वीकार हो जाएगी हरेक प्रार्थना
जिसे आज तक उठना या उड़ाना पड़ता था
हमेशा ऊपर ऊंचा
बादलों के पार
ऊपर खिंचती जाती थी सारी डोर
टकटकी लगाए सभी देखते थे ऊपर की ओर
बिछौने पर चित- लेटा हाथ - पैर फेंकता
एक नन्हा शिशु भी जैसे छत की ओर...

सबके पैरों या जड़ों के नीचे
धरती के भीतर
क्योंकि सदा एक स्त्री बैठी है चिरकाल से
मातृशक्ति सहस्रभुजा सहस्रपयोधरी
कल्याणी , परमसंभवा, कारुण्य-रत्नाकरी
लटकाए अपने बाल से
अनगिन रहस्य अज्ञेय सत्ता के...
कह रही - ' मत देखो  ऊपर हमेशा,
देखो ! जरा पैरों के नीचे भी...'
कैसे कर रही महसूस , सह रही वह
अपने बच्चों के तलवों से
अपने सिर पर झड़ते -चढ़ते ताप या संताप...
क्योंकि मां को सब मालूम है
इसलिए स्वीकार हो जाएगी हरेक प्रार्थना

और सुननेवाले कान
ऊपर हों या नीचे
फिक्र या सवाल ये नहीं है
बस सुन ली जाए
है यह महत्वपूर्ण और जरूरी
वरना सब भूल ही जाएंगे प्रार्थना
और हो जाएंगे कैद
मोटी चहारदीवारी में
अहंकार की अंधेरी खुमारी में
तब कैसे दिखेगी रूप- रेखा कल की ?

२५ जून २०१८, मुंबई एयरपोर्ट ।

Comments

Popular posts from this blog

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले

कविता / 34 / सुनो, कौशिकी !

     १. चला आया हूँ  दूर   तुमसे बहुत दूर लेकिन छोड़ा नहीं है मैंने तुम्हें कभी भी भूला नहीं बस आ गई है  एक दूरी  - भर पर कभी वह रही नहीं शून्य बनकर वरन् सेतु बनकर एक , तनी हुई है सदा से बीच मेरे और तेरे बह रही अनवरत स्मृतियाँ उसके नीचे जैसे पानी अबाध बहता है बिलकुल ताजा, साफ - शीतल रोज आ मैं थका - हारा नहाता हूं उसमें धोता हूं सभी कपड़े उतार उस पर बरसती - नग्न चढ़ती धूप में फिर उन्हें सुखाता हूं रोज नदी से बाहर आ वे  कपड़े पहन वापस निकल पड़ता हूं पकड़ वही कच्ची पगडंडियां निकल तपती रेत से जो छूट जातीं आगे कहीं जातीं खो किसी महामार्ग में शहर की ओर और फिर खो जाता हूँ आगे कहीं भीड़ में मैं भी एक सामान्य आदमी -सा और जहां से लौट आना बिलकुल होता है असंभव... लेकिन सच कहूं ऐ कौशिकी ! तेरा पानी कभी भी सूखता नहीं कहीं तो खूब भीतर कोई अक्षय स्त्रोत - उद्गम तेरा हरा रहता है रोज चैतन्य जैसे महसूस होता अन्दर सदा प्रवहमान जल - कण जीवनी - शक्ति के टकराते ही रहते हैं मेरी उत्तप्त दीवारों से बनकर भाप मेरी सांसों में घुलते ही रहत...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...