Skip to main content

कविता 2 / मैं और आप

कमजोर हूं, इसलिए मैं चोर हूं ।
बलवान हैं,इसलिए आप भगवान् हैं ।

जी, मुझे आती है चोरी की कला,
आपको आता है छोंपना गला।

गजनी से लेकर गाँधी  की जेब,
तरह-तरह की काटी है मैंने, साहेब।

एक नहीं , पांच पेट का सवाल है,
फिर मेरा क्या? सबका ये हाल है।

कौन नहीं चाहता छप्पर की जगह छत?
जी, मुझे भी तो है आदमी बनने की लत।

वेद वाले दराज में जब बैठा है कीड़ा,
बुद्ध तो हूं नहीं कि समझूं मैं पीड़ा ।

सिक्कों मैं छपते रहे हैं आप,
मैं तो सिर्फ दस्तखत करता हूं साब ।

दूधिया रहे आपका कुर्ता -पाजामा,
कुछ भी करेगा ये आपका सुदामा।

सिक्ख, इसाई, हिंदू या मुसलमान,
सब तरफ तो आप ही हैं अम्लान।

पहले तो बम बनकर फटते हैं  आप,
फिर ऊँ शांति शांति रटते हैं  आप।

बंदूक की नोक पे विश्व को बांटते हैं,
देश का नक्शा फिर संसद में साटते हैं ।

दिल्ली की सांझ और लंदन का सबेरा,
सुरक्षित अक्षांश पर आपका है डेरा ।

आप ही तो हैं मानववाद का आखिरी अंडा,
भूखे पेट पर जो गाड़ते हैं झंडा ।

कभी गरीबी,जहालत तो कभी  भ्रष्टाचार,
कुछ न कुछ हटाते ही रहे हैं आप लगातार ।

 जनता को जीने का हक दे देते हैं,
रोटी-लंगोटी क्या, मकान तक दे देते हैं । 

कलम की नाक अपनी लताड़ से तोड़ते हैं,
बातें  फिर दो -चार,मरहम की छेड़ते हैं ।

जहाँ जो मिले, सब खा जाते हैं,
फिर खबरों के मुखपृष्ठ पर छा जाते हैं ।

समझते नहीं दरअस्ल कुछ लोग बदतमीज,
कि बारुद भी होता है खाने की चीज।

तभी तो आपके विचार बारुदी होते हैं,
जनता रोती है और आप सोते हैं ।

मैं तो सिर्फ उन आँसुओं को पोंछता हूं,
फिर आपके ही बारे में सोचता हूं ।


                              --दिलीप कुमार

--फिर याद आई कॉलेज के दिनों की यह कविता ।
उम्मीद है, पसंद आएगी । सत्ताधारी राजनेताओं के
प्रति सरकारी नौकरशाही की खीझ, मजबूरी और
चाटुकारिता का काॅकटेल----






Comments

Popular posts from this blog

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले

कविता / 34 / सुनो, कौशिकी !

     १. चला आया हूँ  दूर   तुमसे बहुत दूर लेकिन छोड़ा नहीं है मैंने तुम्हें कभी भी भूला नहीं बस आ गई है  एक दूरी  - भर पर कभी वह रही नहीं शून्य बनकर वरन् सेतु बनकर एक , तनी हुई है सदा से बीच मेरे और तेरे बह रही अनवरत स्मृतियाँ उसके नीचे जैसे पानी अबाध बहता है बिलकुल ताजा, साफ - शीतल रोज आ मैं थका - हारा नहाता हूं उसमें धोता हूं सभी कपड़े उतार उस पर बरसती - नग्न चढ़ती धूप में फिर उन्हें सुखाता हूं रोज नदी से बाहर आ वे  कपड़े पहन वापस निकल पड़ता हूं पकड़ वही कच्ची पगडंडियां निकल तपती रेत से जो छूट जातीं आगे कहीं जातीं खो किसी महामार्ग में शहर की ओर और फिर खो जाता हूँ आगे कहीं भीड़ में मैं भी एक सामान्य आदमी -सा और जहां से लौट आना बिलकुल होता है असंभव... लेकिन सच कहूं ऐ कौशिकी ! तेरा पानी कभी भी सूखता नहीं कहीं तो खूब भीतर कोई अक्षय स्त्रोत - उद्गम तेरा हरा रहता है रोज चैतन्य जैसे महसूस होता अन्दर सदा प्रवहमान जल - कण जीवनी - शक्ति के टकराते ही रहते हैं मेरी उत्तप्त दीवारों से बनकर भाप मेरी सांसों में घुलते ही रहत...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...