Skip to main content

कविता 11 / आपत्ति है

आपत्ति है
कुछ मित्रों को
मुझपे नहीं , मेरे शब्दों पर
उनके मिज़ाज पर,
उनके निहितार्थ पर
शब्दों की सामयिकता
सामर्थ्य पर
आपत्ति
हो सकती है
होनी ही चाहिए
क्योंकि आपत्ति ही
जिंदा होने का सबसे बड़ा सबूत है
और वहीं से शुरू होती है
नये की संभावना
क्योंकि सहमति के आरामदेह वातानुकूलित कक्ष में
हृदय सिर्फ धड़कता है वक्ष में

आपत्ति ही क्यों ?
मित्रो ! संदेह भी करो
मुझपे नहीं , मेरे शब्दों पर
उनकी क्षमता पर
उनके ईमान , सत्य - निष्ठा पर
संदेह करो अवश्य
उनकी प्राण - प्रतिष्ठा पर
चरित्र पर भी
क्योंकि
संदेह के सूखे आकाश में ही
किसी दिन उमड़ेंगे
घनीभूत श्रद्घा के बादल
संदेह ही बताएगा
शब्दों में अर्थों के कितने चोर -दरवाजे हैं
या कि इनमें प्रजा कितनी है
कितने राजे -महाराजे हैं
संदेह ही बताएगा

फिर जरूरी है सवाल भी
मुझसे नहीं , मेरे शब्दों से
कविता से पूछो
अवश्य
लेकिन जवाब की गारंटी नहीं है
क्योंकि जवाब इतना आसान नहीं है
क्योंकि वास्तव में
कोई शाश्वत समाधान नहीं है
और सवाल भी हमेशा दरअसल वही नहीं है
और ये तो कविता है
ट्रीटमेंट पैकेज या टोना -टोटका नहीं
जीवित रखेगा हमें पानी, कोई वोडका नहीं
पानी
आत्मविश्वास का बढ़ता - बहता रहेगा
अहर्निश
अगर हम उत्तर ढूंढना रखेंगे जारी
कभी तो सवालों पर हम होंगे भारी
लेकिन पहले सवाल है जरूरी
मुझसे नहीं,  कविता से, ......

ये आपत्ति
संदेह
और सवाल
सूत्र हैं
संभावना , श्रद्घा एवं आत्मविश्वास  जगाने के लिए
क्योंकि सिर्फ धूप काफी नहीं है
नर्म घास उगाने के लिए

और यह कोई नयी बात नहीं
सूत्र पुराने ही सही
सुपरीक्षित हैं अगर नये को जन्म देने के लिए
फिर से आजमाओ
समय मत गंवाओ
अभी भी बहुत आगे जाना है
सूरज को वापस बुलाना है
फिर कहेंगे
'शुभ प्रभात' ।

       --सुधी पाठकों को समर्पित ।

------- 8 अप्रैल 2018
         वास्को दा गामा।





















Comments

Popular posts from this blog

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले

कविता / 34 / सुनो, कौशिकी !

     १. चला आया हूँ  दूर   तुमसे बहुत दूर लेकिन छोड़ा नहीं है मैंने तुम्हें कभी भी भूला नहीं बस आ गई है  एक दूरी  - भर पर कभी वह रही नहीं शून्य बनकर वरन् सेतु बनकर एक , तनी हुई है सदा से बीच मेरे और तेरे बह रही अनवरत स्मृतियाँ उसके नीचे जैसे पानी अबाध बहता है बिलकुल ताजा, साफ - शीतल रोज आ मैं थका - हारा नहाता हूं उसमें धोता हूं सभी कपड़े उतार उस पर बरसती - नग्न चढ़ती धूप में फिर उन्हें सुखाता हूं रोज नदी से बाहर आ वे  कपड़े पहन वापस निकल पड़ता हूं पकड़ वही कच्ची पगडंडियां निकल तपती रेत से जो छूट जातीं आगे कहीं जातीं खो किसी महामार्ग में शहर की ओर और फिर खो जाता हूँ आगे कहीं भीड़ में मैं भी एक सामान्य आदमी -सा और जहां से लौट आना बिलकुल होता है असंभव... लेकिन सच कहूं ऐ कौशिकी ! तेरा पानी कभी भी सूखता नहीं कहीं तो खूब भीतर कोई अक्षय स्त्रोत - उद्गम तेरा हरा रहता है रोज चैतन्य जैसे महसूस होता अन्दर सदा प्रवहमान जल - कण जीवनी - शक्ति के टकराते ही रहते हैं मेरी उत्तप्त दीवारों से बनकर भाप मेरी सांसों में घुलते ही रहत...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...