Skip to main content

कविता 12 / सड़क के ठीक बाईं ओर

बरसों बाद
कान में फिर गूंजी
ट्रन-ट्रन ट्रन-ट्रन ........
घंटी एक साइकिल की
बरसों बाद
आंखों में पानी भी उतरा
बहुत गहरा
डूब गयी उसमें
घंटी सहित साइकिल
नहाकर निकली
तरोताजा फिर बजी
ट्रन-ट्रन ट्रन-ट्रन ...

सड़क के ठीक बायीं ओर
एक अनुशासित नागरिक की तरह
उसे चलाता हुआ
पहुंचता था रोज
वह छोटा -सा
दम खींचता प्रेस -कार्यालय
सड़क के ठीक बाईं ओर
देश समाज और नयी कविता
हाशिये पर खड़े लोग
पिछड़े -दलित वर्ग
दिग्भ्रमित युवा
नरक को निकाल देश से,
देश को कैसे बनाना स्वर्ग
और हम सब स्वर्गवासी
कैसे बनेंगे
एक विराट् प्रश्न
परिचर्चा होती थी
विचार-मंथन,
रणनीति लेखन की
मीमांसा भी किसी सार्वजनिक भाषण की
होते थे सब चुप या मौन
जब बात आती थी राशन की
क्योंकि एक घंटी बजती थी
पेट में भी रह - रहकर
सामने बीच चौक पर जैसे घंटा-घर की सुई
खूब धुनते थे रुई
विचारों -वादों - आदर्शों की
बहुत चिंता थी सबको
देश के कल और परसों की
घंटी बजती थी
सड़क के ठीक बायीं ओर....

और वह साइकिल पुरानी जर्जर
उसने मुझे दी थी
मुस्कुराते हुए
शायद बोल नहीं पाए थे
'' मैं आपको इससे अधिक दे ही क्या सकता हूँ ! ''
मेरी वे भरी-भरी आंखें
फिर भर आई हैं
बरसों बाद

और सच्चाई बताता हूँ अब
वह यह कि उस साइकिल में कोई घंटी ही नहीं थी
सारे पुर्जे इतने ढीले
फिर रास्ते इतने पथरीले
बाईं ओर
तेजी में झनर्-झनर्-झन्न-झन
पूरी साइकिल ही थी एक घंटी
है अभी-भी याद
बरसों बाद

आज वो साइकिल नहीं है
हमारे बीच
कबाड़खाने में बिक
कौड़ी के दाम
रीसाइक्लिंग के बाद
मगर मुझे होता यह एहसास
कि फिर यहीं कहीं चल रही है
सड़क के बायीं ओर
अभी भी सुनता हूँ
ट्रीन-ट्रीन ट्रीन-ट्रीन-ट्रन ....
आंखें भर आती हैं अभी भी
पानी से नहीं
धूल और धुएं से
पानी गायब है आँखों के कुएं से ।

22 /04/2018
वास्को दा गामा, गोवा ।

Comments

Popular posts from this blog

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले

कविता / 34 / सुनो, कौशिकी !

     १. चला आया हूँ  दूर   तुमसे बहुत दूर लेकिन छोड़ा नहीं है मैंने तुम्हें कभी भी भूला नहीं बस आ गई है  एक दूरी  - भर पर कभी वह रही नहीं शून्य बनकर वरन् सेतु बनकर एक , तनी हुई है सदा से बीच मेरे और तेरे बह रही अनवरत स्मृतियाँ उसके नीचे जैसे पानी अबाध बहता है बिलकुल ताजा, साफ - शीतल रोज आ मैं थका - हारा नहाता हूं उसमें धोता हूं सभी कपड़े उतार उस पर बरसती - नग्न चढ़ती धूप में फिर उन्हें सुखाता हूं रोज नदी से बाहर आ वे  कपड़े पहन वापस निकल पड़ता हूं पकड़ वही कच्ची पगडंडियां निकल तपती रेत से जो छूट जातीं आगे कहीं जातीं खो किसी महामार्ग में शहर की ओर और फिर खो जाता हूँ आगे कहीं भीड़ में मैं भी एक सामान्य आदमी -सा और जहां से लौट आना बिलकुल होता है असंभव... लेकिन सच कहूं ऐ कौशिकी ! तेरा पानी कभी भी सूखता नहीं कहीं तो खूब भीतर कोई अक्षय स्त्रोत - उद्गम तेरा हरा रहता है रोज चैतन्य जैसे महसूस होता अन्दर सदा प्रवहमान जल - कण जीवनी - शक्ति के टकराते ही रहते हैं मेरी उत्तप्त दीवारों से बनकर भाप मेरी सांसों में घुलते ही रहत...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...