Skip to main content

कविता 7 / ऐ कबूतरो !

ऐ कबूतरो !
पहले जरा
नीचे दर्द में उतरो,
फिर तेरी हरेक गूंटर-गूं
बनेगी एक अदद कविता ।

ऐ कुत्तो !
मत चौंको,
बेवजह मत भौंको
आधी निःशब्द
रात को
सो रहा है सामाजिक प्राणी,
सही समय भांप
भौंको साक्रोश तो होगी दर्ज
एक और कविता ।
फिर सभी पढ़ेंगे उसे,
सभी जगह चर्चा होगी
पुस्तकें छपेंगी उसपे
फिर उन्हें सब पढ़ेंगे
अर्थ ढूंढेंगे
अपनी अपनी सुविधा
या स्वाद के मुताबिक
जुगाली करेंगे या
थूकेंगे
फिर कहेंगे
मिल गयी कालजयी कविता
जिसे ढूंढ रहे थे हम
सड़क, गली, मुहल्ले में
खेत-खलिहानों, पगडंडियों में
फिल्म,  फेसबुक, ट्विटर पे
गूगल या अखबारी मंडियों में
विज्ञापनों मेें
यहाँ तक कि क्रिकेट के बल्ले में..........
नित नये उपमान
बिम्ब या नयी
अभिव्यंजना -शैली की खोज में
आखिर मिल ही गई
एक कालजयी कविता
कहेंगे लोग
फिर भूल ही जाएंगे
तुम कबूतरों को कुत्तों को
सिर्फ गूंटर-गूं और भौंक ही बचेगी
नीचे
ऊपर रहेगा लिखा
एक कालजयी कविता।
............
और तुम हाशिये पर
कालबाह्य
काल-विजित या कवलित
जो भी कह लो।













Comments

Popular posts from this blog

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले

कविता / 34 / सुनो, कौशिकी !

     १. चला आया हूँ  दूर   तुमसे बहुत दूर लेकिन छोड़ा नहीं है मैंने तुम्हें कभी भी भूला नहीं बस आ गई है  एक दूरी  - भर पर कभी वह रही नहीं शून्य बनकर वरन् सेतु बनकर एक , तनी हुई है सदा से बीच मेरे और तेरे बह रही अनवरत स्मृतियाँ उसके नीचे जैसे पानी अबाध बहता है बिलकुल ताजा, साफ - शीतल रोज आ मैं थका - हारा नहाता हूं उसमें धोता हूं सभी कपड़े उतार उस पर बरसती - नग्न चढ़ती धूप में फिर उन्हें सुखाता हूं रोज नदी से बाहर आ वे  कपड़े पहन वापस निकल पड़ता हूं पकड़ वही कच्ची पगडंडियां निकल तपती रेत से जो छूट जातीं आगे कहीं जातीं खो किसी महामार्ग में शहर की ओर और फिर खो जाता हूँ आगे कहीं भीड़ में मैं भी एक सामान्य आदमी -सा और जहां से लौट आना बिलकुल होता है असंभव... लेकिन सच कहूं ऐ कौशिकी ! तेरा पानी कभी भी सूखता नहीं कहीं तो खूब भीतर कोई अक्षय स्त्रोत - उद्गम तेरा हरा रहता है रोज चैतन्य जैसे महसूस होता अन्दर सदा प्रवहमान जल - कण जीवनी - शक्ति के टकराते ही रहते हैं मेरी उत्तप्त दीवारों से बनकर भाप मेरी सांसों में घुलते ही रहत...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...