Skip to main content

खिलना भूल जाने के पहले


खिलना भूल जाने के पहले


… ढूंढ़ो, ढूंढ़ो और ढूंढ़ो
कहां हूं मैं
अगर नहीं हूँ
जमीन में, आकाश में
पानी में, हवा - बतास में
आग में या वहाँ  इडेन  के बाग में,
पहाड़ में, जंगल की सिमटती  दहाड़ में
सफेद ठंडी बर्फ के ऊंचे विजन विस्तार में
तो कहां हूं  ?
अगर नहीं हूं
सडकों पर, सपनों में, उड़ानों में
जरुरत के उठते मकानों में
सवालों के बेचैन कक्ष में
समय के धड़कते वक्ष में
बहस के पक्ष में, विपक्ष में
तुम्हारी हंसी में, रुदन में
क्रांति के पहले, क्रांति के बाद में
कहीं नहीं हूं मैं तुम्हारे युद्ध या जेहाद में
न ही शांति – प्रस्ताव में
या संधि – समझौते के रिसते घाव में
पूजा में,  नमाज में
व्यक्ति में, समाज में
नहीं हूं, तो  हूं कहां मैं ?
ढूंढ़ना है तो देखना है जरूरी कि
गायब हूं मैं कहां -  कहां से
कहाँ -  कहाँ से उठाकर
किधर - किधर किस अंधेरे कोने में
नहीं मालूम
कहाँ रख दिया गया हूं !
देखो , देखो !
क्या सचमुच तुम्हें भी नहीं मालूम ?
तुम भूल गए शायद
कितनी कठिन अनजान सदियों से
सुनसान भीषण
कितने जंगलों, पहाड़ों – घाटियों से, नदियों से
भटकते, चढ़ते- लुढ़कते, डूबते - उतराते
पहुँचे थे हम सब साथ- साथ बहुत पहले
खेत के इन मैदानों तक
फिर चिमनियों, कारखानों तक
और अब नित- नए
वैकल्पिक मनुष्यता के अद्यतन ठिकानों तक ।
भूल गए तुम शायद
वे जानवर जंगली, हिंस्र पंजे - दांत वे खतरनाक
खुले – नंगे दिन, रातें खौफनाक
हत्यारे अंधेरे हमें घेरे
उस पर गरजते मेघ, निर्मम वज्रपात,
बेचैन – बेबस हम सभी मिल ढूंढते थे 
गुफा , खोह , कोटरें
हर नींद के बाद तब
रोज पेट में एक जानवर का जागना
फिर आंखों में उतर आता था खून
लाल – लाल हो जाते थे दांत और नाखून
अस्तित्व या वर्चस्व का संघर्ष बारहमासी 
थकान, निराशा और उदासी
उठी थी समवेत् तब कोने - कोने से
उद्दात्त - पवित्र मन से
वह प्रार्थना पहली बार
“हे प्रभो,  हमें ले चलो अंधेरे से प्रकाश की ओर”
चल पड़ा था सिलसिला
खिलखिला कर उतरती रहीं आत्माएं पवित्र
नदी – घाटियों में, रेगिस्तानों में, पहाडों में
उतरे थे वे विश्वमित्र
--------------------------------------
अभी नहीं उतरेंगे वे
क्योंकि अभी नहीं हूं वहाँ मैं
और क्योंकि,
न तो सिर्फ़ अंधेरा बढने से,
न ही रात के चढ़ने से,
सूरज उतरता है, सूरज की चाह बढ़ने से
इसलिए ढ़ूंढ़ो कि तुम फिर मिला सको
इस चाह में मुझे
अर्थात् मन पवित्र और उद्दात्त
और खिला सको
फूल, इस रेतीले सूखे समय में
उनके खिलना भूल जाने के पहले !  □□□

























Comments

Popular posts from this blog

गज़ल 17 / क्यों नहीं आता कोई

क्यों न आता इधर  कोई  आज उसकी छांव में। सोचकर ये  मर  रहा,  बरगद  अकेला  गांव में।। बैठ  छत  पे  फिर  सुनाए  रोज  अंदेशा  कोई ढूंढता  हूं  आज  कौए , इस  शहर की कांव में। ठंड  रातों को अंगीठी , खाट  के नीचे  लगाए था  पकाता  ख्वाब   को  गरम - मीठी ताव में। फिर  लगी  थी होड़ इक  आगे  निकलने  की या  दिखे  थे  दौड़ में  या  तो  फंसे थे  दांव में। दूर  कर  देगी   मुझे   रफ्तार  तेरी  एक  दिन चाहता  जी  बांध  दूं  पत्थर ,  तुम्हारे  पांव में। एक  पुल - सा  जी  रहा  हूं,  सोचता  भी  हूँ, नदी का थोड़ा - बहुत  एहसास तो था नाव में। समय तो था साफ  गंजा सिर  हो सपाट जैसे उसपे उगाके बाल, मैं तो खो गया उलझाव में।           22 मार्च 2018       ...

गज़ल 28 / तोड़कर दीवार भी

तोड़कर   दीवार    भी  तो  देखते। आ  जरा  इस पार  भी  तो  देखते।। ख्वाब  उतरेंगे  जमी  पर  एक  दिन होश  में  इक  बार  भी  तो  देखते। यूं नहीं कहते कि  दिल को रख बड़ा प्यार   का  आकार  भी  तो  देखते। गहन  भीतर  शांति  में  जब बैठ तू उमड़ता  यह  ज्वार भी  तो  देखते। ठूंठ   पर  चिड़ियां   बनातीं  घोंसले काल   की ये  मार  भी  तो  देखते। आंत का भूगोल  जब  भी  खींच तू भूख   का  विस्तार  भी  तो  देखते। लोग   टंगे    हैं    हवा   में   यूं  नहीं कौन   है   सरकार   भी  तो  देखते। दर्श  इतने  गीत - गजलें   क्या  करो जा   कहीं   बाज़ार  भी  तो  देखते। -----24 मई 2018, वास्को दा गामा, गोवा । 2122...

कविता / 32 / यह बताना है अभी मुझे

मुझे मत बनाओ अतीत का अग्रज न ही भ्रूण भविष्य का मुझे रहने दो बस सहोदर वर्तमान का क्योंकि मुझे देखना है अभी और केवल अभी का जीवन और उसे जीना है अभी और अभी ही फिर अभी ही बताना है कि जीना ही बदलना है दरअसल बदलाव नहीं आते किसी किताब की कोख से न ही तर्क या झूठी उम्मीद की नाप - जोख से बदलता है जीवन ! न कल की वृष्टि - छाया पर रोने से न ही आगे मृग - मरीचिका के पीछे दौड़ने से जीवन बदलेगा सिर्फ अभी के क्षण से स्वयं को जोड़ने से । यह बताना है अभी मुझे सोने से पहले